Brief By Newsbrief / 6:41 PM on 03 Nov 2026
रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण' की रिलीज से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने इसे पायरेसी से बचाने के लिए बड़ा आदेश दिया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति या डिजिटल प्लेटफॉर्म फिल्म की रिकॉर्डिंग, अपलोडिंग या स्ट्रीमिंग नहीं कर सकता. पायरेटेड कंटेंट की शिकायत मिलने पर इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को उसे हटाना या ब्लॉक करना होगा.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस माधव जामदार ने सोमवार को गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की कॉपीराइट उल्लंघन याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया. कंपनी के पास फिल्म के कॉपीराइट और उपयोग से जुड़े अधिकार हैं.
याचिका में फिल्म की स्क्रिप्ट, किरदारों, फुटेज, गानों के बोल और ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित सभी सामग्री को सुरक्षा देने की मांग की गई थी. कंपनी ने बताया कि दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये है. साथ ही, ट्रेलर की कुछ फुटेज कथित तौर पर चोरी से रिकॉर्ड कर ऑनलाइन साझा की गई थीं.
गूगल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के वकीलों ने आदेश पर आपत्ति नहीं जताई और शिकायत मिलने पर कार्रवाई का भरोसा दिया. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा.