Back

कानपुर में नकली सीमेंट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, ACC-अंबुजा के नाम पर चल रहा था बड़ा खेल

Brief By Ndtv.in / 6:16 PM on 16 Oct 2026


उत्तर प्रदेश के कानपुर में नकली सीमेंट बनाने और बेचने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है. पनकी इलाके में एक फैक्ट्री में एसीसी और अंबुजा जैसी नामी कंपनियों के नाम पर नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा था. आरोप है कि फैक्ट्री संचालक खराब हो चुके सीमेंट को नीलामी में खरीदकर लाते थे और उसे पीसकर असली सीमेंट में मिला देते थे. इसके बाद तैयार माल को नामी कंपनियों की बोरियों में भरकर बाजार में बेच दिया जाता था. इस मामले में फैक्ट्री संचालक नीरज गुप्ता और धीरज गुप्ता समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. आशंका जताई जा रही है कि नकली सीमेंट की सप्लाई कई बड़े निर्माण प्रोजेक्ट्स में भी की गई है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी खुद को नामी सीमेंट कंपनियों का डिस्ट्रीब्यूटर बताकर यह कारोबार चला रहे थे. वे असली सीमेंट मंगवाते और उसमें घटिया सीमेंट मिलाकर दोबारा पैकिंग करते थे. छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से एसीसी और अंबुजा ब्रांड की एक हजार से ज्यादा बोरियां बरामद हुईं. मौके पर दो ट्रक भी खड़े मिले, जिनमें मजदूर सीमेंट की बोरियां लाद रहे थे. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए. इतनी बड़ी मात्रा में सीमेंट मिलने से आशंका है कि यहां रोजाना भारी मात्रा में नकली माल तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था.

कंपनी के सीनियर सेल्स मैनेजर मुमताज उल हक के अनुसार, पनकी इलाके में नकली सीमेंट बेचे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इसके बाद कंपनी की विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच की और मामला सामने आने पर पुलिस से शिकायत की. अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली बोरियां कहां छपती थीं और किन डीलरों तक सीमेंट पहुंचाया गया था.

Read more on Ndtv.in