Brief By hindinews18 / 1:23 PM on 09 Oct 2026
बिहार के समस्तीपुर जिले के महमदीपुर गांव में गैस सिलेंडर में धमाके से भीषण आग लग गई. मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. आग की चपेट में आने से एक घर और पास की दुकान जलकर राख हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा प्रभु राय के घर में खाना बनाते समय हुआ. परिजनों ने कुछ दिनों से रखे गैस सिलेंडर को इस्तेमाल के लिए चूल्हे के पास रखा था. चूल्हा जलाते ही सिलेंडर से तेज लपटें उठने लगीं. परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले आग फैल गई और सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया. इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और अग्निशमन विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घर और दुकान में रखा सामान नष्ट हो गया. हादसे में पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.