Brief By hindinews18 / 7:15 PM on 08 Oct 2026
बिहार के योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनके पांच ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट से करीब 50 लाख रुपये नकद मिलने की सूचना है. हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
EOU की टीम काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में तलाशी ले रही है. बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोट गिनने की मशीन मंगाई गई है. साथ ही जेवरात, दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
EOU के अनुसार, नारद कुमार दास पर 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर के पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई.
फिलहाल नकदी और जेवरात की जांच जारी है. तलाशी पूरी होने के बाद कुल बरामदगी का आधिकारिक विवरण सामने आने की उम्मीद है.