Brief By hindinews18 / 6:07 PM on 08 Oct 2026
बिहार में मौनसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 9 अक्टूबर को उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी. पिछले 24 घंटों में किशनगंज के तैयबपुर में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. सहरसा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, भोजपुर और पूर्णिया में भी बारिश हुई.
भोजपुर में हवा की अधिकतम रफ्तार 56 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी मौसम देखकर फसलों की कटाई और भंडारण करने को कहा गया है.