Brief By hindinews18 / 6:50 PM on 07 Oct 2026
बुलंदशहर शहर को भीषण जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित रिंग रोड का खाका तैयार कर लिया गया है. करीब 20 किलोमीटर लंबी यह सड़क शहर के भीतर आए बिना कई प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ेगी. NHAI ने प्रस्तावित एलाइनमेंट को अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया है. स्वीकृति मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाएगी.
रिंग रोड अलीगढ़-गाजियाबाद एनएच-34 से शुरू होगी और मेरठ-बदायूं, बुलंदशहर-अनूपशहर तथा बुलंदशहर-स्याना गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे को पार करते हुए इमलिया गांव के पास पहुंचेगी. यहां इसे बुलंदशहर-मेरठ एनएच-335 से जोड़ा जाएगा. इससे भारी वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना बाहर से निकलने का रास्ता मिलेगा.
रिंग रोड के साथ एनएच-34 और बुलंदशहर-मेरठ हाईवे को जोड़ने वाला फोरलेन बाईपास भी प्रस्तावित है. वर्ष 2020 में परियोजना के लिए करीब 750 करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया गया था. 2024 में सात गांवों की करीब 27 हेक्टेयर जमीन की निशानदेही भी पूरी की गई थी. वित्तीय और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद परियोजना आगे बढ़ेगी.