Brief By Jagran.com / 3:35 PM on 07 Oct 2026
पश्चिम बंगाल का आधिकारिक नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) करने की तैयारी की जा रही है. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि राज्य सरकार नाम परिवर्तन से संबंधित विधेयक विधानसभा में पेश करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित नाम ‘पश्चिम बंग’ ही होगा. भट्टाचार्य के मुताबिक, सरकार विधानसभा के आगामी सत्र में इस संबंध में विधेयक लाने की योजना बना रही है. उन्होंने इससे पहले भी कहा था कि भविष्य में राज्य के लिए ‘वेस्ट बंगाल’ या ‘बांग्ला’ जैसे नामों के बजाय ‘पश्चिम बंग’ नाम इस्तेमाल करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा.
नाम बदलने के मुद्दे पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए शमिक भट्टाचार्य ने दोहराया कि राज्य का प्रस्तावित नाम ‘पश्चिम बंग’ होगा. उन्होंने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य राज्य के नाम को उसके इतिहास और पहचान से जोड़ना है. भट्टाचार्य इससे पहले राज्यसभा में भी पश्चिम बंगाल के नाम से जुड़ा मुद्दा उठा चुके हैं. उनका कहना रहा है कि राज्य का नाम सभी भाषाओं में एक समान होना चाहिए. अब राज्य स्तर पर इस दिशा में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही जा रही है. इसके लिए विधानसभा में विधेयक पेश करना प्रस्तावित प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगा.
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का मुद्दा नया नहीं है. इससे पहले भी राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आ चुके हैं. पूर्ववर्ती सरकार ने राज्य का नाम ‘बांग्ला’ करने की दिशा में कदम उठाए थे, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी. अब शमिक भट्टाचार्य ने ‘पश्चिम बंग’ नाम को राज्य की ऐतिहासिक पहचान से जोड़ते हुए नया विधेयक लाने की बात कही है. विधानसभा में प्रस्ताव आने के बाद इस पर चर्चा और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया होगी. इसके बाद ही राज्य के आधिकारिक नाम में बदलाव की प्रक्रिया अंतिम रूप ले सकेगी.