Brief By Jagran.com / 3:57 PM on 06 Oct 2026
असम की नगांव लोकसभा सीट पर मंगलवार को हो रहे उपचुनाव में मतदाताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं. मोरीकोलोंग समेत विभिन्न इलाकों के बूथों पर बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे. मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा. चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़ी हिंसक घटना, बूथ कब्जे या अन्य अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा.
राहा विधानसभा क्षेत्र के कचुवा स्थित गेरजाइपाम आदर्श एमई स्कूल के बूथ संख्या 94 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान बाधित हुआ. अधिकारियों ने मशीन बदलकर समस्या दूर करने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक परेशानी बनी रही. मोरीगांव के ईस्ट सिधाबाड़ी स्थित बूथ संख्या 72 पर पांच मतदाताओं के वोट डालने के बाद ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आई. सिंगारी के बूथ संख्या 58 पर भी इसी तरह की समस्या के कारण मतदान शुरू होने में देरी हुई. इसके अलावा राहा के बूथ संख्या 42 और धींग के बूथ संख्या 142 समेत कुछ अन्य मतदान केंद्रों से भी ईवीएम संबंधी समस्याओं की सूचना मिली. इसके बावजूद अधिकांश मतदान केंद्रों पर वोटिंग सामान्य रूप से जारी रही.
नगांव लोकसभा उपचुनाव में करीब 19.02 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. चुनाव के लिए कुल 2,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 15 उम्मीदवार मैदान में हैं. मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच माना जा रहा है. मुस्लिम बहुल नगांव सीट पर भाजपा कांग्रेस का गढ़ तोड़ने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस अपनी सीट बरकरार रखने और एआईयूडीएफ अपना पुराना प्रभाव वापस पाने के लिए चुनावी मैदान में है. यह सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. उपचुनाव के नतीजे के लिए मतगणना नौ अक्तूबर को होगी.