Brief By Ndtv.in / 6:14 PM on 04 Oct 2026
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर की गई टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर खींचतान से जुड़े एक सवाल पर बृजभूषण ने कहा कि "अखिलेश यादव बिना सब सूना है." एक इंटरव्यू में उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार की भी तारीफ की. बृजभूषण ने कहा कि वह अपने बच्चों से कहते हैं कि अगर संस्कार सीखने हैं तो मुलायम सिंह यादव के परिवार में 15 दिन रहकर आएं. वहां पता चलेगा कि दूसरों की इज्जत किस तरह की जाती है. भाजपा से लंबे समय तक जुड़े रहे बृजभूषण की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
यह पहली बार नहीं है जब बृजभूषण शरण सिंह ने अखिलेश यादव की तारीफ की है. महिला पहलवानों की ओर से उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के दौरान भी उन्होंने सपा अध्यक्ष की सराहना की थी. उस समय बृजभूषण ने अखिलेश को अच्छा नेता बताते हुए कहा था कि वह सत्य के साथ खड़े हैं. दरअसल, उस विवाद के दौरान अखिलेश यादव ने बृजभूषण को लेकर कोई प्रमुख सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की थी. हालांकि, बृजभूषण पर लगे आरोपों का मामला अलग कानूनी प्रक्रिया का विषय रहा है. इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक संबंधों को लेकर समय-समय पर चर्चा होती रही है.
बृजभूषण शरण सिंह का समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ भी सम्मान का रिश्ता रहा था. राम मंदिर आंदोलन से राजनीतिक पहचान बनाने वाले बृजभूषण भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे हैं, लेकिन सपा के साथ उनके व्यक्तिगत रिश्ते हमेशा टकराव वाले नहीं रहे. वह मुलायम सिंह यादव को बड़े दिल वाला नेता मानते रहे हैं और सार्वजनिक रूप से उनके प्रति सम्मान जाहिर कर चुके हैं. ऐसे में अखिलेश और मुलायम परिवार की उनकी हालिया प्रशंसा ने एक बार फिर यूपी के राजनीतिक गलियारों में उनके पुराने रिश्तों की चर्चा तेज कर दी है.