Back

CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 20 साल पुराने मामले की फिर खुलेगी फाइल, केरल सरकार ने दिए विजिलेंस जांच के आदेश

Brief By Jagran.com / 11:58 AM on 04 Oct 2026


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े करीब 20 साल पुराने मामले की एक बार फिर जांच होने जा रही है. केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने 2006 के इस मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं. उस समय ज्ञानेश कुमार केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) में सचिव के पद पर कार्यरत थे. मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या और केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट से जुड़ा है. ली सी बीन PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे, जो एमसी रोड के उन्नयन का काम कर रहा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ली सी बीन के कथित सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम होने की बात सामने आई थी.

मामले की नई जांच केवल 2006 में हुई घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी. सरकार ने उन आरोपों की पड़ताल करने का भी निर्देश दिया है, जिनमें दावा किया गया है कि पहले हुई जांच को बाहरी दबाव के जरिए प्रभावित किया गया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि विजिलेंस की ओर से पहले की गई जांच को अचानक बंद कर दिया गया और आरोपों की पूरी तरह पड़ताल नहीं हो सकी. ज्ञानेश कुमार पर PWD सचिव रहने के दौरान सरकारी कामों के ठेके देने में कथित अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए हैं. हालांकि, ये आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं और विजिलेंस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस निदेशक को पूरे मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि क्या पुरानी जांच के दौरान किसी तरह का बाहरी या राजनीतिक प्रभाव पड़ा था और क्या इसके कारण जांच प्रभावित हुई. गृह विभाग ने 2006 में हुई विजिलेंस की प्रारंभिक जांच से जुड़ी फाइलों की भी जानकारी मांगी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Jagran.com