Brief By Jagran.com / 11:42 AM on 04 Oct 2026
तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ 1073 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कथित तौर पर क्रैश एक्स से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर क्रू और यात्रियों को सतर्क कर दिया. इसके बाद कुछ यात्रियों और विमान में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने तेजी से स्थिति संभाली और ओमान के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी को काबू कर लिया. सामने आए एक वीडियो में हम्मामी को विमान के अंदर घुटनों के बल और हाथ बंधे हुए देखा गया. यात्रियों ने उसे पुलिस के हवाले करने तक काबू में रखने का फैसला किया.
रिपोर्ट के मुताबिक, केबिन क्रू कथित तौर पर यात्रियों से को-पायलट को खोलने और अपनी सीटों पर वापस जाने के लिए कह रहा था. इससे कुछ यात्रियों को संदेह हुआ और उन्होंने हम्मामी को छोड़ने से इनकार कर दिया. यात्रियों ने उसे ऑक्सीजन मास्क भी दिया ताकि उसकी हालत न बिगड़े और बाद में उससे पूछताछ की जा सके. इस दौरान कुछ यात्रियों ने केबिन क्रू को विमान के बीच वाले हिस्से में रहने के लिए कहा. उनका कहना था कि जब तक विमान सुरक्षित नहीं उतर जाता और पुलिस नहीं पहुंचती, तब तक संदिग्ध को किसी भी हालत में आजाद नहीं किया जाएगा.
घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब एक महिला यात्री ने कॉकपिट के अंदर से संदिग्ध आवाज सुनी. दरवाजा खुलने पर कैप्टन घायल हालत में मिले और यात्रियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. यानिव हयुन, असाफ राजुआन और ज्विका मानेस समेत कई यात्रियों ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद की, जबकि विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने फ्लाइट को संभाला. डेंटिस्ट शोता मुसायेव ने घायल कैप्टन को प्राथमिक उपचार दिया. बाद में विमान को सुरक्षित रूप से एक एयरपोर्ट पर उतार लिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्टन के सिर और हाथों पर गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह चुका था.