Back

पति की हत्या से पहले रची पूरी साजिश? डिलीट चैट से खुले राज, ChatGPT पर किए थे चौंकाने वाले सर्च

Brief By jagran / 11:32 AM on 04 Oct 2026


पुणे में केतन की कथित हत्या के मामले में पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस ने सिया गोयल और उसके साथियों चेतन चौधरी व रितेश हांगे के खिलाफ डिजिटल सबूत जुटाने का दावा किया है. जांच के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध से जुड़े सबूत मिटाने के लिए मोबाइल से कई मैसेज डिलीट कर दिए थे. हालांकि, साइबर फॉरेंसिक टीम ने 1,801 चैट रिकवर की हैं, जिनमें व्हाट्सएप से डिलीट की गई 11 महत्वपूर्ण बातचीत भी शामिल हैं. इसके अलावा ChatGPT पर की गई 81 सर्च के साथ व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट, फेसबुक और अन्य ऐप्स से मिले डिजिटल डेटा की भी जांच की गई है.

पुलिस की जांच रिपोर्ट के अनुसार, जिस स्थान से 18 जून को केतन को कथित तौर पर घाटी में धकेला गया, सिया ने उस जगह की पहले ही रेकी कर ली थी. 31 मई को वह केतन को लोहगढ़ लेकर गई थी. आरोप है कि वहां बांध और प्राकृतिक नजारे दिखाने के बहाने केतन को चट्टान के किनारे खड़ा किया गया और अलग-अलग एंगल से उसकी तस्वीरें ली गईं. जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह कथित हत्या की योजना का हिस्सा था. चार्जशीट में यह दावा भी किया गया है कि 14 जून को केतन को लोहगढ़ से नीचे धकेलने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय कथित योजना सफल नहीं हुई.

जांच में आरोपियों की इंटरनेट और AI सर्च हिस्ट्री को भी अहम सबूत के तौर पर देखा जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, सिया ने ChatGPT पर सास से भावनात्मक तरीके से माफी मांगने, पति का गुस्सा शांत करने और पति की मौत के बाद दुख व संवेदनाएं व्यक्त करने जैसे सवालों के जवाब तलाशे थे. आरोप है कि हत्या के बाद अखबारों में ऐसी घटनाओं की खबरें कैसे प्रकाशित होती हैं, इसकी जानकारी भी खोजी गई. इतना ही नहीं, पुलिस डिलीट की गई चैट को रिकवर कर सकती है या नहीं, इसे लेकर भी ऑनलाइन सर्च किया गया था. पुलिस इन डिजिटल गतिविधियों को मामले की कथित साजिश और घटनाक्रम से जोड़कर जांच रही है.

Read more on jagran