Brief By Jagran.com / 11:23 AM on 04 Oct 2026
दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. उनकी पार्टनर और न्यूरालिंक की सीनियर एक्जीक्यूटिव शिवोन जिलिस ने मस्क के साथ अपना रिश्ता खत्म होने की जानकारी दी है. जिलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए ब्रेकअप का एलान किया. उन्होंने लिखा कि बिना किसी चेतावनी के ‘प्यार में होने’ से अचानक ‘अलग होने’ की स्थिति में पहुंचना बेहद मुश्किल होता है, लेकिन कभी-कभी जिंदगी इसी तरह बदल जाती है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि रिश्ता खत्म होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे और मिलकर अपने बच्चों की परवरिश करते रहेंगे.
एलन मस्क और शिवोन जिलिस के चार बच्चे हैं. नवंबर 2021 में दोनों जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने थे. इसके बाद फरवरी 2024 में उनकी बेटी अरकॉडिया और फरवरी 2025 में बेटे सेल्डन का जन्म हुआ. जिलिस का भारत से भी खास कनेक्शन है. उनके बायोलॉजिकल पिता भारतीय मूल के एक्सचेंज स्टूडेंट थे. मस्क भी एक इंटरव्यू में जिलिस के भारतीय कनेक्शन का जिक्र कर चुके हैं. उन्होंने बताया था कि उनके एक बेटे का मिडिल नाम महान भारतीय भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर के सम्मान में ‘शेखर’ रखा गया है. फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान मस्क और जिलिस ने अपने बच्चों के साथ उनसे मुलाकात भी की थी.
एलन मस्क का बड़ा परिवार लंबे समय से सुर्खियों में रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्क कई रिश्तों से बच्चों के पिता बने हैं. उनकी पूर्व पत्नी जस्टिन विल्सन और गायिका ग्रिम्स के साथ भी उनके बच्चे हैं, जबकि शिवोन जिलिस के साथ उनके चार बच्चे हैं. एशले सेंट क्लेयर ने भी मस्क को अपने बच्चे का पिता बताया है. मस्क अपनी निजी जिंदगी के साथ-साथ तेजी से बढ़ते परिवार को लेकर भी लगातार चर्चा में रहते हैं. अब शिवोन जिलिस के साथ उनके रिश्ते के खत्म होने की खबर ने एक बार फिर उनकी पर्सनल लाइफ को सुर्खियों में ला दिया है.