Brief By Jagran.com / 4:25 PM on 03 Oct 2026
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शनिवार सुबह कुछ घंटों के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. इससे कई इलाकों में लोगों के बीच हड़कंप मच गया. हालांकि, प्रशासन के मुताबिक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, पहला झटका सुबह करीब 7:46 बजे आया और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.3 दर्ज की गई. इसका केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गाधाला गांव में जमीन से करीब सात किलोमीटर की गहराई में बताया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि झटका महसूस होने के साथ जमीन के भीतर से तेज गड़गड़ाहट जैसी आवाज भी सुनाई दी.
पहले भूकंप के करीब दो घंटे बाद क्षेत्र में दूसरा और अपेक्षाकृत ज्यादा तेज झटका महसूस किया गया. इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 बताई गई. दूसरे झटके का असर हिंगोली जिले के कई इलाकों में महसूस किया गया. लगातार दो बार धरती हिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. कई लोगों ने अचानक आए झटकों को महसूस किया. राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी में किसी इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है.
औंढा नागनाथ तहसील के पिंपलदरी और आसपास के गांवों के लोगों ने बताया कि दूसरा झटका आने से कुछ मिनट पहले जमीन के नीचे से गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी थी. इससे पहले 1 अक्टूबर को पास के पांगरा शिंदे गांव में भी इसी तरह की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई थी. प्रशासन क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. लगातार महसूस हो रहे झटकों और जमीन के भीतर से आने वाली आवाजों के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है.