Back

मुहर्रम जुलूस में 15 हजार लोगों को जहर देने की साजिश, 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद

Brief By Jagran.com / 12:04 PM on 03 Oct 2026


मुंबई पुलिस ने मुहर्रम के जुलूस के दौरान हजारों लोगों को कथित तौर पर जहर देने की साजिश के मामले में पुणे निवासी 39 वर्षीय फैयाज प्रेमजी के खिलाफ मझगांव कोर्ट में करीब 700 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. आरोपी फिलहाल आर्थर रोड जेल में बंद है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने ही समुदाय के कुछ लोगों से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने कथित रूप से इस वारदात की योजना बनाई थी. चार्जशीट में 30 से अधिक गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं.

जांच में सामने आया कि बीबीए डिग्री धारक और पुणे में पेंट निर्माण का कारोबार करने वाले फैयाज ने कथित तौर पर 50 किलोग्राम से अधिक जिंक फॉस्फाइड खरीदा था. इसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहों को मारने वाले जहर के रूप में किया जाता है. पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले वह डोंगरी स्थित एक लॉज में करीब दो सप्ताह तक रुका और वहां 30 हजार खाली कैप्सूल मंगाए. आरोप है कि उसने कमरे में ही 15 हजार से अधिक कैप्सूल में जहरीला पदार्थ भरा. छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 14,900 कैप्सूल बरामद किए.

पुलिस का आरोप है कि 26 जून को आरोपी ने मुहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को इन कैप्सूलों को पेनकिलर और इम्युनिटी बूस्टर बताकर बांटना शुरू किया. इसी दौरान 26 वर्षीय सलमान सईद ने एक कैप्सूल खाया, जिसके बाद उसे उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. बंदोबस्त में तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपी को संदिग्ध तरीके से कैप्सूल बांटते देखकर हिरासत में ले लिया. पुलिस का मानना है कि कम से कम 10 लोगों ने कैप्सूल खाए थे, हालांकि केवल दो लोगों ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में कैप्सूल में जिंक फॉस्फाइड मिलने की बात सामने आई है. पूरी फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर सकती है.

Read more on Jagran.com