Back

दुबई-तेल अवीव उड़ान में हाईजैक की आशंका, बाद में सुरक्षित लैंडिंग

Brief By Jagran.com / 1:46 PM on 30 Sep 2026


दुबई से तेल अवीव जा रही एक यात्री उड़ान को लेकर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान से कुछ देर के लिए इमरजेंसी सिग्नल प्राप्त हुआ. इस संकेत के बाद विमान के हाईजैक होने की आशंका जताई गई. रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में 150 से अधिक यात्री सवार थे. घटना की जानकारी सामने आने के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे मामले पर करीब से नजर रखी गई.

हालांकि, इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बाद में स्पष्ट किया कि विमान का अपहरण नहीं हुआ था. इजरायली मीडिया Ynet के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान ने मैन्युअल लैंडिंग और यू-टर्न से संबंधित प्रक्रिया के दौरान कुछ समय के लिए इमरजेंसी सिग्नल प्रसारित किया था. इसी वजह से विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हुई. स्थिति को देखते हुए विमान का रुख सऊदी अरब की तरफ किया गया और उसकी ऊंचाई भी कम की गई. सुरक्षा के मद्देनजर इजरायली लड़ाकू विमानों को भी तुरंत रवाना किया गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने आपात बैठक कर स्थिति की समीक्षा की. सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखी, जिसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया. शुरुआती आशंका के विपरीत, अधिकारियों ने पुष्टि की कि विमान में किसी तरह की हाईजैकिंग नहीं हुई थी. हालांकि, इमरजेंसी सिग्नल जारी होने और विमान के मार्ग में बदलाव के कारण कुछ समय के लिए सुरक्षा संबंधी चिंता जरूर पैदा हुई थी.

Read more on Jagran.com