Brief By hindinews18 / 4:04 PM on 27 Sep 2026
जिले के मड़वन प्रखंड में तिरहुत नहर का तटबंध टूटने से आसपास के क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है. रक्सा दक्षिणी गांव के पास हुए इस कटाव के बाद नहर का पानी तेजी से रक्सा गांव की ओर बढ़ने लगा, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.
तटबंध टूटने के कारण रक्सा दक्षिणी और रक्सा डीह के बीच आवागमन भी प्रभावित हुआ है. नहर का पानी सड़क तक पहुंचने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसके बाद तटबंध की मरम्मत का काम तुरंत शुरू कर दिया गया. अधिकारी पानी के तेज बहाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि तटबंध टूटने के बाद पानी लगातार आसपास के इलाकों की ओर बढ़ रहा है. हालांकि प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि पानी का रिसाव रोका जा सके और प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति जल्द बहाल हो सके. फिलहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.