Brief By Jagran.com / 2:05 PM on 14 Sep 2026
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज की है. अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. यह कदम बॉम्बे हाई कोर्ट के उस आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें कोर्ट ने दिशा सालियन की मौत की CBI जांच का निर्देश दिया था. कोर्ट ने करीब छह साल तक FIR दर्ज नहीं करने को लेकर मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे. सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा था कि पुलिस की अब तक की जांच कई सवालों के जवाब देने के बजाय नए सवाल खड़े करती है. कोर्ट ने मामले को लंबे समय तक सिर्फ दुर्घटनावश हुई मौत यानी Accidental Death के तौर पर देखे जाने पर भी नाराजगी जताई थी.
दिशा सालियन की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने Accidental Death Report (ADR) दर्ज की थी. दिशा कुछ समय तक अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर के तौर पर काम कर चुकी थीं. उनकी मौत के करीब एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे. दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर उस समय कई तरह की चर्चाएं और अटकलें सामने आई थीं. हालांकि, दिशा की मौत के मामले में लंबे समय तक मुंबई पुलिस की ADR के आधार पर ही जांच आगे बढ़ती रही.
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद देशभर में हुए विवाद और जांच की मांग के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी थी. बाद में CBI ने अपनी जांच पूरी करते हुए क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें सुशांत की मौत को आत्महत्या बताया गया. हालांकि, इस क्लोजर रिपोर्ट पर संबंधित अदालत में अभी सुनवाई होनी बाकी है. अब दिशा सालियन की मौत के मामले में CBI की ओर से FIR दर्ज किए जाने के बाद जांच नए सिरे से आगे बढ़ेगी. बॉम्बे हाई कोर्ट की टिप्पणियों के बाद इस मामले में जांच एजेंसी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है.