Brief By Jagran.com / 6:25 PM on 03 Sep 2026
राजधानी दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट को देखते हुए दिल्ली और नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय 11 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे. कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक ज्ञापन जारी किया है. मंत्रालय के मुताबिक, यह फैसला सम्मेलन के दौरान होने वाली बड़ी सुरक्षा और लॉजिस्टिक तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इसका उद्देश्य आम लोगों को यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के कारण होने वाली परेशानी को कम करना है. हालांकि, कार्यालय बंद रखने का आदेश केवल 11 सितंबर के लिए लागू होगा.
BRICS बिजनेस फोरम और 18वां BRICS लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा. इसमें BRICS सदस्य और साझेदार देशों के करीब 30 नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और कारोबारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है. सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ यातायात को लेकर भी कई इंतजाम किए जाएंगे. 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार होने के कारण तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सामान्य कार्यदिवस वाला अवकाश केवल शुक्रवार 11 सितंबर को रहेगा.
भारत इस समय BRICS की अध्यक्षता कर रहा है. भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में तीन बार समूह की अध्यक्षता कर चुका है. 1 जनवरी 2026 को भारत ने चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली. इस वर्ष समूह के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि BRICS की स्थापना के 20 साल पूरे हो रहे हैं. दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन भारत के लिए कूटनीतिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सरकार का लक्ष्य सम्मेलन के दौरान आने वाले विदेशी मेहमानों के लिए बेहतर सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है.