Brief By Jagran.com / 5:10 PM on 29 Aug 2026
कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 एक बार फिर विवादों में आ गया है. शुक्रवार को रिलीज हुए शो के नए एपिसोड के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें बिहार और कश्मीरी पंडितों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर बहस शुरू हो गई. यह बातचीत समय रैना और स्टैंड-अप कॉमेडियन शैरन वर्मा के बीच हुई थी. शो के दौरान समय ने शैरन के बिहार से होने को लेकर मजाक किया, जिस पर शैरन ने भी समय की कश्मीरी पृष्ठभूमि को लेकर टिप्पणी की. दोनों के बीच हुई इस मजाकिया बातचीत के अंश वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ लोगों ने इसे कॉमेडी का हिस्सा बताया, जबकि कुछ ने ऐसी टिप्पणियों पर आपत्ति जताई.
मामला सामने आने के बाद बीजेपी विधायक राम कदम ने इन टिप्पणियों की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सिर्फ चर्चा और पब्लिसिटी हासिल करने के लिए जानबूझकर विवादित बातें कहते हैं. राम कदम ने कहा कि हिंदू धर्म, देवी-देवताओं और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि किसी आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद केवल माफी मांगना पर्याप्त नहीं होना चाहिए, क्योंकि विवाद के जरिए संबंधित व्यक्ति को व्यापक प्रचार मिल जाता है. हालांकि, शो में कही गई बातों को लेकर अलग-अलग लोगों की राय सामने आई है और इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है.
वहीं, एक कश्मीरी पंडित ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इस विवाद को ज्यादा तूल नहीं देने की बात कही. उन्होंने कहा कि यह एक कॉमेडी शो था और वहां बातचीत के दौरान मजाक-मस्ती होना स्वाभाविक है. उनके मुताबिक, कश्मीरी पंडितों और बिहार के लोगों को देश में कहीं भी जाने, रहने और रोजगार करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के दूसरे राज्य में जाने को लेकर मजाक को व्यक्तिगत रूप से नहीं लिया जाना चाहिए. इस पूरे विवाद ने एक बार फिर कॉमेडी की सीमाओं, सार्वजनिक मंच पर क्षेत्रीय और समुदाय आधारित टिप्पणियों तथा अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर बहस छेड़ दी है. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप को लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है.