Back

JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार, चुप्पी पर उठाए सवाल

Brief By Newsbrief / 10:43 AM on 06 Aug 2026


गिरिडीह. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों छात्र-युवा भर्ती में गड़बड़ियों के विरोध में लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के नेता इस मुद्दे पर पूरी तरह मौन हैं.

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह दोहरा आचरण दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता पूरे देश में NEET पेपर लीक मामले को लेकर सड़कों से लेकर संसद तक सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे, वे झारखंड के युवाओं की मांगों और आंदोलन पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं.

उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं. ऐसे समय में विपक्ष के शीर्ष नेताओं को युवाओं के साथ खड़ा होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन राजनीतिक सुविधा के अनुसार मुद्दों का चयन करते हैं और झारखंड के युवाओं के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं.

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर राजनीति नहीं, बल्कि स्पष्ट और जवाबदेह रुख अपनाने की जरूरत है. उन्होंने राहुल गांधी से झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.

Read more on Newsbrief