Back

पाकुड़ में अवैध महुआ शराब पर बड़ा प्रहार, 95 लीटर शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 5:12 PM on 04 Aug 2026


 

पाकुड़: अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 95 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिकरहाटी गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध महुआ शराब का कारोबार कर रहा है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को घर के पीछे जंगल की ओर प्लास्टिक के जार ले जाते देखा. पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के घर और वहां खड़े एक ई-रिक्शा की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान घर और ई-रिक्शा से कुल 95 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. मामले में घर मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी के खिलाफ पाकुड़ मुफस्सिल थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Newsbrief