Brief By Newsbrief / 4:54 PM on 04 Aug 2026
झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को गढ़वा के बिरसा मुंडा पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. झारखंड मुक्ति मोर्चा की जिला कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय महासचिव मिथलेश ठाकुर, विधायक अनंत प्रताप देव, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत शिबू सोरेन की प्रस्तावित आदमकद प्रतिमा स्थल और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई. सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों के बीच वस्त्र वितरण, झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ आंदोलनकारियों का सम्मान और सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया. पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए समर्पित किया. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा पार्क में जल्द ही दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी. साथ ही उन्होंने शिबू सोरेन को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि उनके विचारों और आदर्शों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी.