Brief By Newsbrief / 3:49 PM on 04 Aug 2026
जमशेदपुर. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. मंगलवार को जमशेदपुर परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा विवाद से भी बड़ा मामला जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़ा है. उन्होंने दावा किया कि यह मामला पिछले पांच-छह वर्षों से चला आ रहा है और हाल में सामने आए तथ्यों ने इसे और गंभीर बना दिया है.
रघुवर दास ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच कराई, उसी तरह झारखंड में भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके.
उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें विरोध प्रदर्शन के दौरान टेंट और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए. उनका आरोप था कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है.
उपचुनाव के नतीजों पर पूछे गए सवाल के जवाब में रघुवर दास ने कहा कि उपचुनाव के परिणामों का राष्ट्रीय राजनीति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ता. वहीं, जमशेदपुर फुटबॉल क्लब को लेकर उन्होंने कहा कि टाटा स्टील ने किन परिस्थितियों में यह निर्णय लिया है, इसका अध्ययन किया जाएगा और क्लब को जारी रखने का अनुरोध किया जाएगा.