Back

शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर भावुक हुए हेमंत, बोले- गुरुजी के विचार हमेशा देंगे राह

Brief By Newsbrief / 3:36 PM on 04 Aug 2026


रांची. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित आवास पर झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष, विचारों और राज्य निर्माण में दिए गए योगदान को नमन किया.

श्रद्धांजलि के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल उनके पिता नहीं, बल्कि उनके जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक थे. उनके संघर्ष, सिद्धांत और आदर्श हमेशा झारखंड को नई दिशा देते रहेंगे. उन्होंने कहा कि आज पूरा राज्य श्रद्धापूर्वक गुरुजी को याद कर रहा है और उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने का संकल्प दोहरा रहा है.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जेपीएससी विवाद और छात्रों के आंदोलन पर भी सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए है. उन्होंने कहा, "सरकार की आंख भी है, नाक भी है और हाथ भी है." यानी सरकार हर पहलू पर नजर रख रही है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.

हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रशासन और जांच एजेंसियां सक्रिय हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. छात्रों की मांगों और चिंताओं को सरकार गंभीरता से सुन रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों के आधार पर न्यायसंगत और पारदर्शी निर्णय लिया जाएगा. यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Read more on Newsbrief