Back

खूंटी में जंगल किनारे लावारिस पिकअप से 80 किलो गांजा बरामद, फर्जी नंबर प्लेट ने बढ़ाया शक

Brief By Newsbrief / 2:55 PM on 04 Aug 2026


खूंटी: खूंटी-रांची मुख्य मार्ग पर बिरसा मृग विहार के समीप जंगल किनारे लावारिस हालत में खड़ी एक पिकअप वैन से पुलिस ने करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. बरामदगी के बाद वाहन को जब्त कर एनडीपीएस थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है. प्रारंभिक जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है, जबकि पहचान छिपाने के उद्देश्य से विंडस्क्रीन पर लगा फास्टैग स्टिकर भी उखाड़ दिया गया था.

जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वैन पिछले लगभग एक सप्ताह से जंगल किनारे सड़क पर खड़ी थी. लंबे समय तक वाहन के वहीं रहने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना खूंटी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली. जांच के दौरान डाले में रखे पुराने कबाड़ के टायरों के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के कई पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 80 किलोग्राम बताया गया.

सूचना मिलने पर एनडीपीएस थाना प्रभारी मणिदीप, एसआई रामदेव यादव और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की. पुलिस को आशंका है कि वाहन चोरी का भी हो सकता है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी. प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि किसी कारणवश तस्कर वाहन को जंगल के पास छोड़कर फरार हो गए. एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Newsbrief