Brief By Newsbrief / 2:21 PM on 04 Aug 2026
पलामू. झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का मंगलवार को प्रस्तावित अंतिम संस्कार फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. परिवार ने निर्णय लिया है कि उनकी पत्नी रिया सिन्हा और पुत्र अक्षत कुमार के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा. अब दाह संस्कार बुधवार देर शाम या गुरुवार को होने की संभावना जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, रिया सिन्हा फिलहाल जेल में बंद हैं और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी ओर से पैरोल की मांग की गई है. मंगलवार को चेहल्लुम पर्व के कारण न्यायालय बंद रहने से पैरोल याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी. इसी वजह से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी टालनी पड़ी.
इस बीच सुजीत सिन्हा का शव उसके छोटे भाई अरुण के साथ पैतृक गांव मरहा पथरा पहुंच चुका है. परिजनों ने अंतिम दर्शन के लिए शव को सुरक्षित रखा है और अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. परिवार की नजर अब रिया सिन्हा की पैरोल याचिका पर होने वाले निर्णय पर टिकी है.
उधर, संभावित अंतिम संस्कार को देखते हुए पलामू पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मरहा पथरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके. उल्लेखनीय है कि हाल ही में जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान सुजीत सिन्हा की मौत हुई थी. इसके बाद से उसके अंतिम संस्कार को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. अब अंतिम संस्कार की तिथि अदालत के फैसले के बाद तय की जाएगी.