Back

50 लाख के इनाम का झांसा, पुराने नोट बदलने के नाम पर युवक से 43 हजार की साइबर ठगी

Brief By Newsbrief / 7:21 PM on 03 Aug 2026


साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों ने पुराने नोट और सिक्कों के बदले 50 लाख रुपये का इनाम देने का झांसा देकर एक युवक से 43,225 रुपये ठग लिए. ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने रांगा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पीड़ित धरमपुर गांव का रहने वाला है. उसने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 30 जुलाई को वह अपने मोबाइल पर फेसबुक चला रहा था. इसी दौरान उसे एक वीडियो दिखाई दिया, जिसमें पुराने नोट और दुर्लभ सिक्कों के बदले लाखों रुपये देने का दावा किया गया था. वीडियो में दिए गए संपर्क नंबर पर बात करने के बाद ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन तथा अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 43,225 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए.

रुपये जमा करने के बाद भी जब न तो कोई इनाम मिला और न ही ठगों से संपर्क हो सका, तब युवक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने रांगा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस साइबर ठगों की पहचान और बैंक खातों की जांच में जुटी है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर इनाम, पुराने नोट या सिक्के खरीदने-बेचने और मोटी रकम का लालच देने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें तथा किसी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें.

Read more on Newsbrief