Brief By Newsbrief / 5:58 PM on 30 Jul 2026
रांची: झारखंड में ग्रीन राशन कार्ड का इंतजार कर रहे लाखों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए सभी जिलों को ग्रीन राशन कार्ड जारी करने का अधिकार दे दिया है. इसके साथ ही प्रत्येक जिले के लिए नया कोटा भी निर्धारित किया गया है, जिससे पात्र लोगों को जल्द योजना का लाभ मिल सकेगा.
राज्यभर में 25 लाख से अधिक लोग ग्रीन राशन कार्ड की प्रतीक्षा कर रहे हैं. सबसे अधिक लंबी प्रतीक्षा सूची रांची, धनबाद, गिरिडीह, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार और साहेबगंज जिलों में है. रांची के लिए 1,32,514, धनबाद के लिए 1,22,066, गिरिडीह के लिए 1,11,198, पूर्वी सिंहभूम के लिए 1,04,307, बोकारो के लिए 93,776 और पश्चिमी सिंहभूम के लिए 1,42,984 कार्ड का कोटा निर्धारित किया गया है. अन्य जिलों को भी उनकी जरूरत के अनुसार आवंटन किया गया है.
सरकार के नए निर्देश के अनुसार, प्रत्येक जिले को मिले कोटे में से 100 ग्रीन राशन कार्ड गंभीर और असाध्य बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लोगों के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे. अधिकारियों को पहले ऐसे आवेदकों की लंबित सूची समाप्त करने का निर्देश दिया गया है.
पिछले कुछ महीनों में मंईयां सम्मान योजना शुरू होने के बाद राशन कार्ड के लिए आवेदनों में तेजी आई थी, जिससे कई जिलों में प्रतीक्षा सूची लंबी हो गई. अब जिला प्रशासन पात्र आवेदकों का सत्यापन कर चरणबद्ध तरीके से ग्रीन राशन कार्ड जारी करेगा, जिससे लाखों परिवारों को सस्ती दर पर राशन और खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सकेगा.