Brief By Newsbrief / 10:44 AM on 30 Jul 2026
हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी हुई.
मुठभेड़ के दौरान गैंग का सदस्य सैयद मोहम्मद जीशान पैर में गोली लगने से घायल हो गया. भागने में असफल रहने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हजारीबाग का निवासी है और पहले एनटीपीसी तथा लातेहार क्षेत्र में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है. पुलिस को संदेह है कि दो दिन पहले कोयला परिवहन में लगी हाईवा गाड़ियों पर हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गैंग का हाथ था. उस घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर प्रिंस खान ने ली थी.
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही हजारीबाग के एसपी अमन कुमार मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली. उनके अनुसार एसडीपीओ अमित आनंद और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया था. घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और एक खाली कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.