Brief By Newsbrief / 4:43 PM on 29 Jul 2026
धनबाद. जिले के दुहाटांड कुम्हारपट्टी की रहने वाली एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर छह वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेने तथा बाद में साथ छोड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने गांधी सेवा सदन पहुंचकर मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की.
युवती के अनुसार, झरिया के वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका छह वर्षों से प्रेम संबंध था. इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर अपने पिता की बीमारी, वाहन मरम्मत और अन्य जरूरतों का हवाला देते हुए परिवार के साथ मिलकर 15 से 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले ली. पीड़िता का कहना है कि 25 मई को कोर्ट मैरिज तय थी, लेकिन आरोपी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए बिना वहां से चला गया. इसके बाद 17 जून को मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में दोनों की शादी हुई, जहां आरोपी ने सिंदूर भरने और मंगलसूत्र पहनाने के बाद साथ रखने का वादा किया, लेकिन कुछ दिनों बाद फरार हो गया.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि धनसार थाना में शिकायत करने पर कार्रवाई के बजाय उसे ही फटकार मिली. उसका यह भी दावा है कि आरोपी मामला वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहा है. युवती ने डीसी और एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है.