Brief By Newsbrief / 12:29 PM on 29 Jul 2026
झारखंड सरकार ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों को बड़ी राहत देते हुए अगस्त 2026 से टेक होम राशन (THR) योजना दोबारा शुरू करने का फैसला किया है. महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद सभी जिलों को आदेश जारी कर दिया है. अब राज्य के 38,957 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 14 लाख से अधिक लाभुकों को नियमित रूप से पूरक पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा.
नई आपूर्ति एजेंसियों के चयन और टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अप्रैल 2026 से टेक होम राशन का वितरण बंद था. इससे गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों को नियमित पोषण नहीं मिल पा रहा था. सरकार ने पहले पुरानी एजेंसियों को सशर्त अवधि विस्तार दिया और अब योजना को फिर से लागू करने का निर्णय लिया है.
योजना के तहत 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को शिशु आहार और पौष्टिक मीठा दलिया मिलेगा. कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषाहार दिया जाएगा. वहीं गर्भवती और धात्री महिलाओं को पौष्टिक मीठा एवं नमकीन दलिया उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें आवश्यक पोषण मिल सके.
समाज कल्याण निदेशालय ने सभी जिला समाज कल्याण पदाधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण कम करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र लाभुक पोषण संबंधी सहायता से वंचित न रहे. अगस्त से योजना दोबारा शुरू होने पर लाखों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.