Brief By Newsbrief / 12:26 PM on 29 Jul 2026
श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 29 जुलाई से 29 अगस्त तक तीन जोड़ी स्पेशल मेमू पैसेंजर ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. सभी ट्रेनों में 12 कोच होंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी.
रेलवे के अनुसार, मोहनपुर-जसीडीह, जसीडीह-आसनसोल, आसनसोल-जसीडीह, जसीडीह-दुमका और दुमका-मोहनपुर रूट पर विशेष मेमू ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होंगी. ये ट्रेनें देवघर, मधुपुर, जामताड़ा, चित्तरंजन, बासुकीनाथ, जामा और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेंगी. रेलवे ने बताया कि 29 जुलाई से 29 अगस्त के बीच ये स्पेशल ट्रेनें कुल 32-32 फेरे लगाएंगी.
इसके अलावा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 03511/03512 आसनसोल-पटना-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन को डुमरी हाल्ट और अथमल गोला स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है. वहीं 03527/03528 आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का डुमरी हाल्ट स्टेशन पर भी दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव रहेगा.
रेलवे का मानना है कि इन विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी. साथ ही देवघर पहुंचने वाले यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में भी काफी मदद मिलेगी.