Brief By Newsbrief / 10:43 AM on 29 Jul 2026
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात होटल संचालक विशाल गोराई (28) पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे अंडरपास के समीप हुई. विशाल गम्हरिया के काशीडीह निवासी हैं और स्टेशन के पास गोराई स्वीट्स एंड भोजनालय का संचालन करते हैं.
जानकारी के अनुसार, होटल बंद कर स्कूटी से घर लौटते समय अंडरपास के पास झाड़ियों से निकले कुछ बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोकने की कोशिश की. विशाल ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पीछे से दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी. एक गोली उनकी दाहिनी कमर और जांघ के बीच जा लगी.
गोली लगने के बावजूद विशाल ने हिम्मत नहीं हारी और कुछ दूर तक स्कूटी चलाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी. परिजन उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले गए, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और ऑपरेशन कर गोली निकालने की तैयारी कर रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अंधेरा होने के कारण घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में पुलिस को कठिनाई हुई. पुलिस ने टॉर्च की रोशनी में खोखे और अन्य सबूत तलाशे. शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश और रंगदारी के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. साथ ही होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.