Brief By Newsbrief / 10:29 AM on 28 Jul 2026
धनबाद रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और ट्रेनों की तकनीकी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए जनरल और चेयर कार कोचों का व्यापक अपग्रेडेशन करने जा रहा है। इस परियोजना पर ₹73.36 लाख खर्च किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने ई-निविदा जारी कर दी है और जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
अपग्रेडेशन के तहत कोचों में विंडो बार, स्पीड सेंसर केबल लेआउट और जंक्शन बॉक्स की मानकीकृत स्थापना की जाएगी। इसके अलावा क्षतिग्रस्त जंक्शन बॉक्स की मरम्मत भी कराई जाएगी। इन तकनीकी बदलावों से कोचों की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता बढ़ेगी, साथ ही ट्रेन की गति नियंत्रण प्रणाली पहले से अधिक प्रभावी होगी।
यात्रियों को सबसे बड़ी राहत बारिश के मौसम में मिलेगी। अक्सर खिड़कियां बंद होने के बावजूद पानी रिसने से सीटें गीली हो जाती हैं, जिससे सफर असुविधाजनक हो जाता है। नए माउंटिंग होल डिजाइन और बेहतर जंक्शन बॉक्स इंस्टॉलेशन से पानी और नमी का रिसाव रोका जा सकेगा। इससे सीटें सूखी रहेंगी और यात्रा अधिक आरामदायक होगी।
रेलवे के अनुसार इन सुधारों से तकनीकी मजबूती बढ़ने के साथ आपातकालीन खिड़कियों के जरिए निकासी भी अधिक आसान होगी। यह पहल यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में धनबाद रेल मंडल का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.