Brief By Newsbrief / 5:01 PM on 25 Jul 2026
देवघर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मेला के औपचारिक उद्घाटन का कार्यक्रम 29 जुलाई को झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा में आयोजित होगा. इससे पहले पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने देवघर परिसदन में बाबा बैद्यनाथ धाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण (श्राइन बोर्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की.
बैठक में देवघर और दुमका के उपायुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सचिव, जनप्रतिनिधि, महापौर तथा बासुकीनाथ नगर परिषद के अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक से पहले पर्यटन मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर, क्यू कॉम्प्लेक्स, कांवरिया पथ, टेंट सिटी, आवासन, शिविर, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था और झारखंड सीमा तक की तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.
हर वर्ष सावन में लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर 108 किलोमीटर की कांवर यात्रा पूरी कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. इसे देखते हुए चिकित्सा, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, स्वच्छता, आवासन और सुरक्षित जलार्पण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने श्रद्धालुओं से जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके स्वागत, सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा.