Brief By Newsbrief / 3:58 PM on 23 Jul 2026
पलामू: चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अब पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का उनके घर के पास से कथित रूप से अपहरण किया गया था. इसके बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. मामले में महाकाल को मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है, जबकि उसके बड़े भाई दिलीप तिवारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर प्रशांत तिवारी की लोकेशन झांसी में मिली. विशेष टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात सभी आरोपी नशे में थे. उन्होंने विनीत तिवारी का अपहरण किया, उनके साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिप गए. कुछ समय तक जंगलों में रहने के बाद प्रशांत झांसी भाग गया था. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी महाकाल समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है. साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है.