Back

राजस्थान में सड़क हादसे का शिकार बने पलामू के दिनेश सोनी, पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, गम में डूबा पूरा गांव

Brief By Newsbrief / 4:15 PM on 22 Jul 2026


पलामू. हैदरनगर थाना क्षेत्र के रानीदेवा गांव निवासी दिनेश प्रसाद सोनी (करीब 45 वर्ष) की राजस्थान के अलवर जिले में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया. बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.

परिजनों ने बताया कि दिनेश प्रसाद सोनी राजस्थान के अलवर में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे. रविवार को वह अपने घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे. अलवर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह टेंपो से कार्यस्थल जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक अन्य वाहन की टक्कर से टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. दिनेश का परिवार लंबे समय से सोना-चांदी के व्यवसाय से भी जुड़ा रहा है.

दुर्घटना के बाद पार्थिव शरीर को राजस्थान से झारखंड लाने में परिजनों और शुभचिंतकों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया. विशेष रूप से ज़ी न्यूज़ की एंकर वर्षा सोनी, दीपक सोनी और अन्य सहयोगियों की भूमिका की स्थानीय लोगों ने सराहना की. ग्रामीणों ने इसे मानवता की मिसाल बताते हुए कहा कि कठिन समय में मिला यह सहयोग परिवार के लिए बड़ा संबल बना. अंतिम संस्कार में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए और दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

Read more on Newsbrief