Brief By Newsbrief / 2:57 PM on 22 Jul 2026
रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर जारी विवाद बुधवार को उस समय और बढ़ गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के हजारों कार्यकर्ता JPSC कार्यालय का घेराव करने पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई. हालांकि पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े टकराव को टाल दिया.
घेराव को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. JPSC कार्यालय और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), दंगा नियंत्रण दल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई थी. आयोग परिसर तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग की गई थी.
भाजयुमो कार्यकर्ता 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परिणाम रद्द करने, पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और JPSC के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी और विभिन्न संगठन परीक्षा परिणाम, कटऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए जाने तथा चयन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. फिलहाल JPSC कार्यालय के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.