Brief By Newsbrief / 6:01 PM on 21 Jul 2026
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित होसिर रथटांड़ गांव की रहने वाली दीपा कुमारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर झारखंड का मान बढ़ाया है. साधारण किसान परिवार से आने वाली दीपा ने ऑल इंडिया रैंक 8875 और OBC श्रेणी में 3896वीं रैंक प्राप्त कर डॉक्टर बनने के अपने सपने को नई उड़ान दी है. उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.
दीपा के पिता तारमेश्वर प्रजापति किसान हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा बेटी की पढ़ाई को प्राथमिकता दी. दीपा ने शुरुआती शिक्षा गांव के उच्च विद्यालय होसिर से प्राप्त की. झारखंड एकेडमिक काउंसिल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 90.80 प्रतिशत अंक हासिल कर बोकारो जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया था. इसके बाद उन्होंने सीबीएसई बोर्ड से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की.
डॉक्टर बनने का सपना साकार करने के लिए दीपा ने राजस्थान के कोटा में दो वर्षों तक रहकर NEET की तैयारी की. कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की. दीपा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों से बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत के बल पर पूरा करने का संदेश दिया. उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.