Brief By Newsbrief / 6:52 PM on 20 Jul 2026
रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) की अधिग्रहीत सरकारी जमीन से जुड़े बहुचर्चित फर्जीवाड़ा मामले में सोमवार को अहम घटनाक्रम सामने आया. मामले की नामजद आरोपी सुमित्रा कुमारी बड़ाईक और मुन्नी कुमारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की विशेष अदालत में सरेंडर कर दिया. झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में दोनों ने निचली अदालत में आत्मसमर्पण किया, जहां अदालत ने 25-25 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर उन्हें नियमित जमानत दे दी.
यह मामला वर्ष 1964-65 में तत्कालीन RMCH, वर्तमान RIMS, के लिए अधिग्रहीत करीब 9.65 एकड़ सरकारी जमीन से जुड़ा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों की मिलीभगत से फर्जी वंशावली और दस्तावेज तैयार कर सरकारी जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्ज कराया. इसके बाद उस जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट, दुकानें और निजी मकान तक बना दिए गए.
झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर ACB ने 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी. इसके बाद 7 अप्रैल को चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है. ACB का कहना है कि कथित फर्जीवाड़े से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.