Brief By Newsbrief / 3:17 PM on 17 Jul 2026
रांची समेत झारखंड के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों और पासपोर्ट कार्यालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं. धमकी मिलते ही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. रांची के गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पहुंचकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया. पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई.
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना दी गई. इसके बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने मॉल में मौजूद दुकानों, कार्यालयों और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके. प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है. एहतियात के तौर पर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भेजने वाले ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. मामले को साइबर सेल को सौंपा गया है, जो ई-मेल के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल रांची समेत राज्य के सभी पासपोर्ट कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए हुए है.