Brief By Newsbrief / 1:15 PM on 16 Jul 2026
रांची. झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने कक्षा 11वीं की सप्लीमेंट्री (विशेष) परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी, जो वार्षिक परीक्षा में सफल नहीं हो सके या किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे. परीक्षा 29 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी.
परिषद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह 10:45 बजे से शुरू होंगी, जबकि कला संकाय की परीक्षाएं द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से आयोजित की जाएंगी. 29 जुलाई को कोर लैंग्वेज (ENA/HNA) की परीक्षा होगी. 30 जुलाई को विज्ञान और वाणिज्य संकाय के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान, लेखाशास्त्र और व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा होगी, जबकि कला संकाय के प्रथम, द्वितीय और तृतीय वैकल्पिक विषयों की परीक्षा भी इसी दिन आयोजित की जाएगी. 31 जुलाई को विज्ञान और वाणिज्य संकाय के तृतीय एवं चतुर्थ वैकल्पिक विषय तथा कला संकाय की ऐच्छिक भाषा की परीक्षा होगी.
JAC ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को 23 जुलाई से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है. साथ ही 24 से 28 जुलाई के बीच आंतरिक मूल्यांकन के अंक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा गया है. परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. छात्रों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है.