Back

गुमला में ACB की कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप, रिश्वतखोरी पर कसा शिकंजा

Brief By Newsbrief / 5:57 PM on 15 Jul 2026


गुमला. भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की लगातार कार्रवाई से गुमला जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है. मंगलवार को जिला शिक्षा कार्यालय के प्रधान सहायक रंजीत कुजूर और अल्पसंख्यक विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक रविकांत वत्सीय को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद पूरे दिन सरकारी कार्यालयों में इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही.

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह संदेश गया है कि अब भ्रष्टाचार के मामलों में केवल रंगे हाथ पकड़े गए लोगों तक जांच सीमित नहीं रहेगी. पूछताछ के दौरान सामने आने वाले अन्य नामों और संभावित संलिप्तता की भी गहन जांच की जाएगी.

गुमला जिले में एसीबी की सबसे अधिक कार्रवाई शिक्षा विभाग में हुई है. पिछले कुछ वर्षों में कई प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) और जिला शिक्षा पदाधिकारी भी एसीबी की कार्रवाई के दायरे में आ चुके हैं. इससे शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर लगातार सख्ती देखी जा रही है.

वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक एसीबी गुमला जिले के पांच अधिकारी और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें दो थाना प्रभारी भी शामिल हैं. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सरकारी महकमों में सतर्कता बढ़ी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसी की सख्त कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है.

Read more on Newsbrief