Back

श्रावणी मेला 2026: बाबा धाम में नहीं होगी VIP पूजा, 10 हजार से ज्यादा जवान संभालेंगे सुरक्षा

Brief By Newsbrief / 5:11 PM on 15 Jul 2026


देवघर. विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण को प्राथमिकता देते हुए इस बार पूरे सावन महीने में VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न पूजा पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला किया है. सभी श्रद्धालुओं को समान व्यवस्था के तहत अर्घा प्रणाली से जलार्पण कराया जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य 25 जुलाई तक मेले से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी करना है.

उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक आवास, पेयजल, चिकित्सा, शौचालय, स्नान और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जसीडीह रेलवे स्टेशन, कोठिया और कांवरिया पथ पर टेंट सिटी बनाई जा रही है, जहां श्रद्धालुओं को निशुल्क ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी.

सुरक्षा व्यवस्था को इस बार और मजबूत बनाया गया है. पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के अनुसार, मेले में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. इसके अलावा IPS और DSP स्तर के अधिकारी, 22 क्विक रिस्पांस टीम (QRT), ATS, NDRF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे. मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 24×7 कंट्रोल रूम, पुलिस चौकियों, नियमित पेट्रोलिंग तथा 13 ट्रैफिक ऑब्जर्वेशन प्वाइंट के माध्यम से की जाएगी. प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित श्रावणी मेले का अनुभव मिलेगा.

Read more on Newsbrief