Back

आदित्यपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, छिनतई का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 3:12 PM on 15 Jul 2026


सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आशियाना मोड़ के पास हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल खुलासा कर दिया. घटना में शामिल तीन आरोपियों में से एक को पुलिस ने पीछा कर मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बलराम, निवासी बारीडीह बस्ती, सिदगोड़ा (जमशेदपुर), से तीन बदमाशों ने 500 रुपये और उनका पर्स छीन लिया था. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों का पीछा शुरू किया. पुलिस ने सोनू सन्यासी (24 वर्ष), निवासी सालडीह बस्ती, आदित्यपुर को धर दबोचा.

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीड़ित का छिना हुआ पर्स और उसमें रखे 500 रुपये बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया गया. पुलिस ने बताया कि फरार दोनों आरोपी भी स्थानीय अपराधी हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

आदित्यपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का तुरंत उद्भेदन हो गया, जिससे पीड़ित को राहत मिली. गिरफ्तार आरोपी सोनू सन्यासी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस ने लोगों से किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत देने की अपील की है, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

Read more on Newsbrief