Back

पलामू में दर्दनाक रेल हादसा, मोहम्मदगंज स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

Brief By Newsbrief / 12:52 PM on 13 Jul 2026


झारखंड के पलामू जिले में मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान कड़नाडा गांव निवासी अनीता देवी के रूप में हुई है, जो जपला जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंची थीं. इसी दौरान वह किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गईं. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उनका शव स्टेशन से करीब 200 से 250 मीटर दूर डाउन रेलवे ट्रैक पर मिला.

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना और मोहम्मदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसा रेलवे स्टेशन के सिग्नल क्षेत्र के भीतर हुआ है. नियमानुसार मामले की जांच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंपी गई है. रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. रेलवे पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय और स्टेशन परिसर में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

Read more on Newsbrief