Brief By Newsbrief / 11:37 AM on 13 Jul 2026
झारखंड के पलामू जिले में पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के आदेश पर जिले के करीब 175 सब-इंस्पेक्टर (SI) और सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का तबादला किया गया है. इस बदलाव का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया है.
जारी आदेश के अनुसार, राजेश रंजन को तरहसी थाना का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. वह इससे पहले पांकी थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. तरहसी थाना प्रभारी का पद पूर्व प्रभारी आनंद कुमार को कथित रूप से वाहन छोड़ने के एवज में पैसे मांगने के आरोप में लाइन हाजिर किए जाने के बाद से खाली था.
इसके अलावा रुद्रनानंद सरस को जिले का नया ट्रैफिक प्रभारी बनाया गया है, जिन्होंने सत्येंद्र दुबे का स्थान लिया है. वहीं चंद्रशेखर यादव को किशुनपुर ओपी का प्रभारी और बिरेंद्र मेहता को दंगवार ओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. कई अन्य थानों, ओपी और पुलिस शाखाओं में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पिछले दो वर्षों से विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. उनका कहना है कि नई तैनातियों से थानों के कामकाज में तेजी आएगी, पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी तथा आम लोगों को बेहतर और समयबद्ध पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी.