Back

SIR फॉर्म पर 'खर्चा-पानी' मांगना पड़ा भारी, गढ़वा की BLO जमीला बीबी बर्खास्त

Brief By Newsbrief / 6:20 PM on 11 Jul 2026


झारखंड के गढ़वा जिले में SIR फॉर्म भरने के नाम पर कथित रूप से पैसे मांगने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए रंका प्रखंड के बूथ संख्या-383 की BLO जमीला बीबी को बर्खास्त कर दिया है. उपायुक्त पी.एन. मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई वायरल वीडियो, शिकायतों और प्रशासनिक जांच के बाद की गई.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जमीला बीबी कथित तौर पर SIR फॉर्म भरने और जमा कराने के बदले 50 से 100 रुपये तक 'खर्चा-पानी' मांगती हुई दिखाई दे रही थीं. वीडियो में कथित रूप से पैसे नहीं देने पर नागरिकता छिन जाने जैसी टिप्पणी भी सामने आई, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया.

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराई. जांच के दौरान कई लोगों ने BLO पर पैसे मांगने के आरोप लगाए. इसके बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र-80 के निर्वाची पदाधिकारी ने जमीला बीबी को कारण बताओ नोटिस जारी किया. हालांकि उनके जवाब से प्रशासन संतुष्ट नहीं हुआ. जांच में वायरल वीडियो को भी सही पाया गया.

जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपायुक्त के निर्देश पर जमीला बीबी को BLO के पद से हटा दिया गया. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार, अनियमितता या जनता से अवैध वसूली किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई चुनावी कार्यों में जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

Read more on Newsbrief