Brief By Newsbrief / 1:10 PM on 11 Jul 2026
दुमका जिले के मसानजोर स्थित झारखंड सरकार के सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (गेस्ट हाउस) में शनिवार सुबह एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है. वह रांची के बरियातू के निवासी थे और हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे. उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में पदस्थापित हैं.
जानकारी के अनुसार, डॉ. मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ शुक्रवार रात मसानजोर घूमने आए थे. सभी निरीक्षण भवन के कमरा नंबर 1 और 2 में ठहरे थे. शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बेड पर अचेत अवस्था में मिले. शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही मसानजोर थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय चिकित्सक ने जांच के बाद डॉ. मिंज को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे. फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी. मामले की जांच जारी है.